20 सितंबर 2026 को एसआई भर्ती पुनः परीक्षा होने वाली है। जिसे लेकर राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा एक अधिसूचना जारी की गई है। आयोग ने वर्ष 2021 की मूल भर्ती में ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को अस्थाई रूप से शामिल होने की अनुमति दी है।
आवेदक के लिए जरूरी जानकारी
इस अनुमति के तहत पुनः परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में जरूरी डाटा अपडेट करना पड़ेगा। जिस के लिए 8 से 22 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने 8 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के तहत पहले ही अपने आवेदन अपडेट कर लिए हैं, उन्हें दोबारा संशोधन करने की आवश्यकता नहीं है।
KYC प्रक्रिया करनी होगी पूरी
आयोग के अनुसार इस संबंध में पूरी सूचना और जारी दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। संशोधन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन में KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
OTP से सत्यापन अनिवार्य
पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में ओटीआर में प्रयुक्त फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के प्रयोग करने के लिए सहमति प्रदान करते हुए फाइनल सब्मिट कर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना अनिवार्य होगा, जो अभ्यर्थी इस प्रक्रिया को पूरा नहीं करेंगे, उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
15 जुलाई तक होगी शिकायत दर्ज
यदि किसी अभ्यर्थी को अपना आवेदन पत्र नई एसएसओ आईडी या ओटीआर में ट्रांसफर करने में कोई तकनीकी समस्या आ रही है, तो वे आयोग के कैंडिडेट ग्रीवेंस पोर्टल पर जाकर 15 जुलाई 2026 तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।











