उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में जल्द ही वक्फ संशोधन कानून लागू करने की तैयारी में है। इसकी जानकारी देते हुए योगी कैबिनेट के मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी वक्फ संशोधन कानून लागू किया जाएगा। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में नियम कानून और बायलॉज के हिसाब से वक्फ संसोधन कानून लागू होगा।
अधिनियम में सकारात्मक बदलाव
मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार वक्फ संशोधन बिल लेकर आई है जिसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के बेहतर रखरखाव है। वक्फ संशोधन अधिनियम 2024 के माध्यम से कई सकारात्मक बदलाव किए गए हैं। इसका कामकाज पर अच्छा असर दिखाई देगा। मंत्री दानिश अंसारी ने आगे कहा कि नए वक्फ बोर्ड के गठन में पिछड़े पसमांदा मुसलमानों, महिलाओं और मुस्लिम समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्य भी शामिल होंगे।
सभी राज्यों के लिए अधिनियम अनिवार्य
मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि यह अधिनियम पूरे देश में लागू होगा। उत्तर प्रदेश में भी बोर्ड का गठन होने पर इसे नियमों और उपनियमों के अनुसार लागू किया जाएगा। सभी राज्यों के लिए इस अधिनियम को लागू करना अनिवार्य होगा।











