असम सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना बजट पेश कर दिया है। बजट में असम सरकार ने नौकरियों को लेकर बड़ी घोषणा की है। बजट के दौरान असम सरकार ने अगले पांच सालों में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने का ऐलान किया। साथ ही नए पद सृजित करके कुल दो लाख लोगों की भर्ती करने की घोषणा की।
दो लाख रोजगार के अवसर
असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने बजट पेश करते हुए कहा कि “सरकार ने पिछले पांच वर्षों में विभिन्न विभागों में 1.64 लाख से अधिक नियुक्तियां की हैं। उन्होंने कहा, “इस उपलब्धि के आधार पर हम अब रोजगार सृजन के अगले चरण में प्रवेश कर रहे हैं। वहीं अब इस बजट के माध्यम से अगले पांच वर्षों में दो लाख रोजगार अवसरों के सृजन का लक्ष्य रखा गया है।”
समय पर मिलेगा प्रमोशन
वित्त मंत्री ने कहा कि इस दिशा में एक व्यापक खाका तैयार कर लिया गया है। इससे मौजूदा कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन देने में भी मदद मिलेगी, जिससे निचले स्तर पर नए पदों के सृजन का मार्ग प्रशस्त होगा।”











