उधमपुर एयरपोर्ट परियोजना को रफ्तार मिल गई है। जिसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के निर्माण की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा की, जिसमें बताया गया कि टर्मिनल निर्माण के लिए जारी टेंडर की तकनीकी निविदा 10 जुलाई को खोली जा चुकी है, जिसमें सात एजेंसियों ने भाग लिया है।
परियोजना की लगातार निगरानी
अब फाइनेंशियल निविदा 22 जुलाई को खुल सकती है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित प्रक्रिया समय पर पूरी होती है तो अगस्त 2026 के दूसरे सप्ताह तक निर्माण कार्य का ठेका (वर्क ऑर्डर) जारी किया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार इस परियोजना की लगातार निगरानी कर रही है ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
दो चरणों में एयरपोर्ट का विकास
बता दें की उधमपुर एयरपोर्ट का विकास दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में नागरिक उड्डयन सेवाओं को जल्द शुरू करने के उद्देश्य से मौजूदा उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन के परिसर में बनाए गए अस्थाई टर्मिनल से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। हालांकि ऐसा अनुमान भी लगाया जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में यहां से आम यात्रियों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी
वहीं इस परियोजना के दूसरे चरण में एयरपोर्ट का स्थाई और व्यापक विस्तार किया जाएगा। इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने जम्मू-कश्मीर सरकार से लगभग 28 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। नए टर्मिनल में आधुनिक यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।











