दिल्ली में राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस प्रतियोगिता के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता का आधिकारिक परिचय चलचित्र भी जारी किया गया। बता दें कि यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से शुरू होने वाली है जो 2 अगस्त तक चलेगी। वहीं यह प्रतियोगिता नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में 25 से ज्यादा देश होंगे शामिल
इस प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल के 25 से अधिक देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है और यह ऊर्जा, उत्साह, विविधता और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शुभंकर के पंखों में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को कलात्मक रूप से दर्शाया गया है, जो ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की और वैश्विक एकता का संदेश देता है।
दिल्ली को मिली है मेजबानी
गौरतलब है कि इस बार प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी दिल्ली को मिली है। ऐसे में सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर को पूरे देश के लिए गौरव बताया है। साथ ही सीएम रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि घरेलू मैदान पर भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
सीएम रेखा गुप्ता ने दी बधाई
इसके साथ ही सीएम रेखा गुप्ता ने आयोजन समिति, खेल विभाग, भारतीय टेबल टेनिस महासंघ, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी। सीएम ने इस दौरान कहा कि दिल्ली एक बार फिर अपनी खेल संस्कृति, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अतिथि सत्कार से पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है।











