17 जुलाई को पीएम मोदी का चंडीगढ़ दौरा, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

17 जुलाई को चंडीगढ़ में पीएम नरेंद्र मोदी करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ दौरे पर रहेंगे। चंडीगढ़ में पीएम नरेंद्र मोदी करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से संबंधित 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, साथ ही आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का भी पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे।

लोगों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा
एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर में 300 बिस्तरों और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस सेंटर से हजारों परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। वहीं एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरो-क्रिटिकल केयर और उन्नत निदान सुविधाओं को एक ही स्‍थान पर एकीकृत रूप से प्रदान करेगा।

क्रिटिकल केयर ब्लॉक की रखेंगे आधारशिला
इसके अलावा प्रधानमंत्री चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के अंतर्गत अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। इसमें 150 बिस्तरों की सुविधा दी जा रही है।

रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल का शिलान्यास
प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में कुरुक्षेत्र बॉयज़ हॉस्टल और मेस, सेक्टर 46 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज में हॉस्टल ब्लॉक और पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल का शिलान्यास शामिल है।

सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रमुख सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे मोहाली जिले में आईटी सिटी से कुराली तक बनने वाले 6 लेन के ग्रीनफील्ड राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे। बता दें की इस राजमार्ग से मोहाली, खरार और कुराली के बीच यात्रा का समय कम होगा। प्रधानमंत्री जिरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना से जीरकपुर-पंचकुला मार्ग पर यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़