प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना से दमन को नई उड़ान मिली है। इस योजना के तहत अब दमन को पहली बार दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा मिली है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया की दमन को यज हवाई सेवा पहली बार मिली है। इससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को रफ्तार मिलेगी।
करीब ढाई घंटे रहेगा यात्रा का समय
नवनिर्मित नमो एयरपोर्ट से एलायंस एयर की दमन-दिल्ली-दमन मार्ग पर पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर को केन्द्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से दमन और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच यात्रा का समय बहुत काम हो जाएगा। पहले यात्रा के लिए सड़क मार्ग से लगभग 8 से 10 घंटे का समय लगता था, लेकिन इस नई हवाई सेवा से यह समय अब घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा।
हवाई संपर्क की तस्वीर बदली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के तहत दमन को यह नई हवाई सेवा मिली है। जिसे लेकर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस योजना से देश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही है। वहीं इसके माध्यम से छोटे शहरों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे आम लोगों को तेज और सुविधाजनक हवाई यात्रा का लाभ मिल रहा है।
कारोबारी यात्राएं होंगी आसान
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि दमन, दीव, दादरा और नगर हवेली क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां बहुत उद्योग संचालित हो रहे हैं, जबकि आसपास के वापी और वलसाड क्षेत्रों में लगभग 15,000 उद्योग मौजूद हैं। ऐसे में बेहतर हवाई संपर्क से कारोबारी यात्राएं आसान होंगी, नए निवेश आकर्षित होंगे। इससे रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।










