केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि देश के स्वास्थ्य शिक्षा संस्थानों में पांच साल में मेडिकल सीटें बढ़ाई जाएंगी। दरअसल केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने चंडीगढ़ में करीब 4700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उदघाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। जिसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा की भारत अब विश्व के उन देशों में शामिल हो गया है, जहां सबसे ज्यादा डॉक्टर और मेडिकल प्रोफेशनल तैयार हो रहे हैं।
75 हजार सीटें बढ़ाई जाएंगी
केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी पांच सालों के अंदर देश के स्वास्थ्य शिक्षा संस्थानों में यूजी और पीजी कक्षाओं के लिए 75 हजार सीटें बढ़ाई जाएंगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसके तहत पहले चरण में 25 हजार सीटें बढ़ाई जा चुकी हैं।
2017 में बनी स्वास्थ्य नीति का जिक्र
जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2017 में बनी स्वास्थ्य नीति ने देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की भी चिंता की है। इस स्वास्थ्य नीति का विजऩ बिल्कुल अलग था। इसका मकसद सिर्फ़ बीमारों का इलाज करना नहीं, बल्कि बीमारी को रोकना भी था।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की
केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आगे कहा, देश ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है। आज देश में एक लाख 85 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर चल रहे हैं। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि आने वाले समय में चंडीगढ़ पीजीआई समेत देश भर के एम्स और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विकास पर जोर दिया जाएगा।










