डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से सरकार-समर्थित आधार ऐप को रफ्तार मिली है। इस ऐप ने 4 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। डिजिटल पहचान सेवाओं को तेजी से अपनाए जाने को यह उपलब्धि दर्शाती है। इसे लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि लाखों भारतीय निवासी इस ऐप के जरिए आधार से जुड़ी जानकारी अपडेट करने, सुरक्षा सेटिंग्स मैनेज करने और अन्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म
मंत्रालय के मुताबिक, आधार ऐप अब आधार से जुड़ी कई सेवाओं के लिए वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म बन चुका है, जिसके जरिए घर बैठे पता अपडेट करना, मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट करना, बायोमेट्रिक लॉकअनलॉक करना और ई-आधार डाउनलोड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
11.65 लाख से ज्यादा पते अपडेट
बता दें कि ऐप लॉन्च होने के बाद से अब तक इसके माध्यम से 11.65 लाख से ज्यादा पते अपडेट किए जा चुके हैं। इससे लोगों को आधार नामांकन या अपडेट करने के लिए सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके जरिए अब घर बैठे ही अपडेट की जा सकती है।
1 जुलाई से शुरू हुई थी सुविधा
ऐप के जरिए अब तक करीब 49 लाख मोबाइल नंबर अपडेट किए जा चुके हैं, जिससे उपयोगकर्ता अपने आधार से जुड़ी कान्टैक्ट डिटेल्स को सही और अपडेट रख पा रहे हैं। यह ईमेल अपडेट सुविधा 1 जुलाई से शुरू हुई थी। जिसके बाद अब तक करीब 12.5 लाख ईमेल आईडी अपडेट की जा चुकी हैं।
31 दिसंबर 2026 तक निशुल्क सुविधा
सरकार ने जानकारी दी है कि पहले इस सेवा के लिए 75 रुपए शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब इसे निशुल्क कर दिया गया है। 31 दिसंबर 2026 तक आधार ऐप के जरिए यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। अब तक 1.91 करोड़ से ज्यादा बार बायोमेट्रिक लॉकअनलॉक सुविधा का इस्तेमाल किया गया है। यह फीचर आधार धारकों को अपने बायोमेट्रिक डेटा को तुरंत लॉक या अनलॉक करने की सुविधा देता है, जिससे उसके दुरुपयोग की आशंका कम हो जाती है।












