अखिलेश यादव पर ओपी राजभर ने उठाए तीखे सवाल…’भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करने वालों पर क्यों खामोश हैं’

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशान साधा

मौलाना जरजिस अंसारी के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित बयान पर अब उत्तर प्रदेश की सरगर्मियाँ तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाए। कैबिनेट मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने मौलाना जरजिस अंसारी के बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव की चुप्पी को वोट बैंक की राजनीति से जोड़ा और आरोप लगाया की वोट बैंक की राजनीति के कारण ही अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।

‘क्या आप सच में यदुवंशी हैं’
मंत्री ओपी राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत में ने सीधे अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, “माननीय अखिलेश यादव जी, क्या आप सच में यदुवंशी हैं मुझे तो शक होता है।“ उन्होंने आरोप लगाया कि अगर अखिलेश यादव सच्चे यदुवंशी होते तो मौलाना जरजिस अंसारी के बयान पर उनका ‘खून जरूर खौलता’ और वो सार्वजनिक रूप से इसका विरोध करते। राजभर ने दावा किया कि मौलाना जरजिस अंसारी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर लगातार आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं, लेकिन अखिलेश यादव वोट बैंक की राजनीति के चलते पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।

‘वोट बैंक के लिए सब कुछ स्वीकार है’
अपने पोस्ट में कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण ही अखिलेश यादव हर मुद्दे पर समझौता कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें इस बात पर भी हैरानी होती है कि भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करने वालों के प्रति भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मन में कोई विरोध नहीं दिखता। उन्होंने आगे लिखा कि अब प्रदेश और देश का यादव समाज भी देख रहा है कि वोट बैंक की राजनीति के लिए अखिलेश यादव किस तरह की चुप्पी साधे हुए हैं।

अखिलेश यादव की धर्मपत्नी का भी जिक्र
मंत्री राजभर ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि “अखिलेश यादव अपनी धर्मपत्नी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणियों को निजी मामला मान सकते हैं, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण जैसे आराध्य पर टिप्पणी करने वालों के प्रति भी नरम रुख अपनाना समझ से परे है”।

महाराजा सुहेलदेव का दिया उदाहरण
अपने पोस्ट के अंतिम हिस्से में ओपी राजभर ने महाराजा सुहेलदेव का उदाहरण देते हुए लिखा कि अखिलेश यादव को राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए उनके संघर्ष से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने राष्ट्र और धर्म पर हमला करने वालों के खिलाफ लड़कर एक मिसाल कायम की थी।

ओपी राजभर ने आगे लिखा कि यदि कभी महाराजा सुहेलदेव के सम्मान पर भी कोई टिप्पणी हुई तो पूरा राजभर समाज उसका जवाब देना जानता है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे मामलों में समाज चुप बैठने वाला नहीं है। गौरतलब है कि ] हाल ही में मौलाना जरजिस अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वो भगवान कृष्ण को लेकर अमर्यादित बात कर रहे थे। जिसके बाद से राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का सिलसिला लगातार जारी है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़