‘जनता दर्शन’ में सीएम योगी ने सुनी जनसमस्याएं ,कहा-पारिवारिक विवाद घर बैठे सुलझाएं

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी के सामने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामले आए। जिसकी शिकायतों पर सीएम योगी सख्त दिखे।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में जनता दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनी। सीएम योगी ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर सख्त
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी के सामने राजस्व और  पुलिस से जुड़े मामले आए। जिसकी शिकायतों पर सीएम योगी सख्त दिखे।‘जनता दर्शन’ में पारिवारिक विवाद से भी जुड़े मामले आए। पारिवारिक विवाद की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने काउंसिलिंग की और कहा कि पारिवारिक विवाद घर में बैठकर आपस में निपटाएं बाहरी लोगों की दखलंदाजी ठीक नहीं है।

सीएम योगी की अधिकारियों को चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर सख्ती दिखाई। जनता से सीएम योगी ने पूरी जानकारी लेते हुए पूछा कि कितने दिन पहले पुलिस या राजस्व कर्मी से शिकायत की थी। समय अधिक होने पर मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाई और कहा कि यह हीलाहवाली नहीं चलेगी। साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर समय सीमा के अंदर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो ऐसे अधिकारियों पर भी एक्शन लिया जाएगा।

सीएम से मिले कई खिलाड़ी
‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई खिलाड़ियों ने भी मुलाकात की। सभी ने अपनी बातें रखीं। मुख्यमंत्री ने भी खेलों के लिए उनकी तैयारी और पदकों के बारे में भी जानकारी ली। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की निरंतर सीधी भर्ती कर रही है। आप भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाइए, सरकार पुरस्कार राशि के साथ ही नौकरी भी देगी।  

‘जनता दर्शन’ में कुछ अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों को मुख्यमंत्री दुलारा और उन्हें चॉकलेट देकर अपना आशीर्वाद भी दिया।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़