बाराबंकी में सीएम योगी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, दिव्यांगजनों को बांटी ट्राइसाइकिल और लाभार्थियों को दी सहायता राशि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। सीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे जहां उन्होंने  भगवान शिव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। जिसके बाद जलाभिषेक कर प्रदेश के मंगल की कामना की।

निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। सीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएम योगी ने अधिकारियों को कहा कि निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें।

छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार
मुख्यमंत्री योगी ने मंदिर परिसर के पीछे आयोजित कार्यक्रम छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। बच्चों को खिलौने और चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से  लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

दिव्यांगजनों को बांटी ट्राइसाइकिल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की और बाराबंकी जनपद के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु चलचित्र भी देखा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता और स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

लाभार्थियों को सहायता राशि
कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत शिवशंकर वर्मा और छाया देवी को कृषि यंत्रों की चाबी, प्रमाण पत्र तथा 4-4 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत मोहसिन मतीन को 10 लाख रुपये तथा मुकेश कुमार को 3.10 लाख रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आरती देवी और गायत्री देवी को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़