उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश के युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो इसके लिए राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। योगी सरकार ने ‘रोजगार मिशन’ के तहत युवाओं और श्रमिकों को देश-विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। इसके जानकारी देते हुए प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि इस मिशन के तहत अब तक 6004 निर्माण श्रमिकों को इजराइल में रोजगार दिलाया जा चुका है।
स्थानीय स्तर पर रोजगार होंगे उपलब्ध
मंत्री अनिल राजहभार ने बताया की सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच एमओयू हुआ है जिसके जरिए हजारों युवाओं के कौशल विकास के साथ उन्हें प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में काम होगा। 20 जुलाई को बापू भवन, सचिवालय में मंत्री अनिल राजभर और राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी की उपस्थिति में सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य सेवायोजन विभाग में पंजीकृत युवाओं के स्किल गैप को दूर कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है।
देश-विदेश में रोजगार के अवसर
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को देश और विदेश दोनों जगह रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में 1336 निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षण देकर इजराइल भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा रेनोवेशन सेक्टर के 245 श्रमिकों को भी इजराइल भेजने की तैयारी है।
रोजगार मेले बने सहायक
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन मेलों के जरिए 17 लाख से ज्यादा युवाओं का निजी क्षेत्र में चयन कराया जा चुका है। रोजगार मिशन के तहत ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे है। इससे राज्य की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।












