मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली दौरे पर रहे। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान सीएम मोहन यादव ने राज्य में चल रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से अमित शाह को अवगत कराया।
सहकारिता के क्षेत्र से जुड़ी जानकारी
बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने गृह मंत्री अमित शाह को सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी। सीएम मोहन यादव ने मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को और गति देने के लिए उनका सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा
बैठक के दौरान राज्य के विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्र के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार राज्य को विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए अग्रसर है। राज्य सरकार केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।











