मध्य प्रदेश लैपटॉप योजना के तहत सीएम मोहन यादव ने मेधावी छात्रों को बड़ी सौगात दी है। इस योजना के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए राशि का वितरण किया। प्रदेश के लगभग 1 लाख 21 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। इस कार्यक्रम में, पहली ही बार में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1.21 लाख से अधिक छात्रों को यह सौगात मिली है। जिनके खातों में एक ही क्लिक से 304 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। जिसके बाद सीएम मोहन यादव ने राज्य के सभी मेधावी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दी है।
सीएम ने छात्रों को किया प्रोत्साहित
सीएम मोहन यादव ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि, “सफलता के दो सच्चे साथी हैं- ज्ञान और दक्षता। ज्ञान जीवन भर आपके साथ रहता है, जबकि दक्षता आपके व्यक्तित्व और कार्य-क्षमता में निरंतर निखार लाती है। सीएम ने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब मेरिट लिस्ट में 50% से ज़्यादा बच्चे सरकारी स्कूलों से आते हैं।”
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा
बता दें कि प्रदेश सरकार की यह पहल प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सहायता प्रदान करने के लिए मददगार साबित हो रही है। राज्य सरकार मेधावी छात्रों को आवश्यक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में अहम कदम उठा रही है। लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिक्षा को और बेहतर बना पाएंगे।











