उत्तर प्रदेश की योगी सरकार छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए पात्र छात्रों को बड़ी राहत देने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न तकनीकी और अन्य कारणों से कक्षा 10 पास करने वाले छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए पात्र छात्रों के लिए सरकार ने फैसला लिया है।
पोर्टल खोलने की समय-सारिणी जारी
राज्य सरकार ने इसके लिए पोर्टल खोलने की समय-सारिणी जारी कर दी है। सरकार ने ऐसे छात्रों के लंबित मामलों को निस्तारित कर इसी वित्तीय वर्ष में छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान करने की दिशा में काम कर रही है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र शामिल होंगे।
29 अगस्त को निर्देश जारी
बता दें कि समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने 29 अगस्त को इस संबंध में निदेशक समाज कल्याण को निर्देश जारी किए हैं। अब इन आवेदनों में जरूरी संशोधन कर पात्र छात्रों को योजना का लाभ दिया जाएगा। जारी समय-सारिणी के अनुसार एक से सात सितंबर तक शिक्षण संस्थान मास्टर डाटा को अपडेट करेंगे। 2 सितंबर से आठ सितंबर तक विश्वविद्यालय और संबंध संस्थान फीस समेत अन्य विवरणों का सत्यापन करेंगी। जबकि तीन से नौ सितंबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी स्तर से इसका सत्यापन किया जाएगा।
इन चरणों में प्रक्रिया होगी पूर्ण
11 से 15 सितंबर तक त्रुटिपूर्ण आवेदन शिक्षण संस्थानों के लागिन पर उपलब्ध कराए जाएंगे जिसमें सुधार किया जा सके। जिसके बाद 16 से 18 सितंबर तक संस्थान आवेदन में हुई त्रुटियां ठीक करेंगे। 17 से 19 सितंबर तक सत्यापित और पात्र आवेदन आगे बढ़ाए जाएंगे।











