केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने मटियाला स्थित एमसीडी सामुदायिक भवन में आयोजित आर्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मंत्री ने नजफगढ़ जोन के कचरा बीनने वाले श्रमिकों को ‘नमस्ते’ और ‘आयुष्मान’ कार्ड वितरित किए। बता दें कि राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र (नमस्ते) योजना के तहत कचरा बीनने वाले श्रमिकों को औपचारिक पहचान देने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
300 से ज्यादा श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड
बता दें कि इस कार्यक्रम के दौरान नमस्ते कार्ड के साथ-साथ श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। इससे उन्हें मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा कवरेज मिल सके। इस दौरान एमसीडी के नजफगढ़ जोन से 300 से ज्यादा कचरा बीनने वाले श्रमिकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
योजना का मुख्य उद्देश्य
केंद्र की इस योजना का उद्देश्य जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई को समाप्त करना, स्वच्छता कार्यों का मशीनीकरण करना और श्रमिकों को कौशल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ देना है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि सरकार स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने और कल्याणकारी योजनाओं तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम करती रहेगी।












