बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता को पीएम मोदी के 25 साल के सफर के बारे में अवगत करवाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह ‘सेवा संकल्प अभियान’आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में सेवा, समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा। इसके तहत पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा सेतु अभियान’ भी चलाएगी।
25 साल के सफर पर होंगे कार्यक्रम
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था। सात अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी उपलब्धि को लेकर पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
बता दें कि ‘सेवा सेतु अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे जो भी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी हैं वोअपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।












