प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 सालों के निरंतर सेवाकाल पूरा होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उत्तर प्रदेश में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। जिसे लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल की उपस्थिति में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
जन-जन तक पहुंचाई जाएगी उपलब्धियां
इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों और देश-प्रदेश में आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत हर नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा। जिसे लेकर बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रभारी मंत्रियों को जनपदों और अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाकर तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई
साथ ही बैठक में बताया गया कि शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। केंद्र सरकार के 12 सालों और राज्य सरकार के 10 सालों के विकास कार्यों का डेटा-बैंक तैयार किया गया है। इस अभियान से 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत दीप प्रज्ज्वलन
इसके साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन होगा। लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति होंगे। इसी दिन विश्वकर्मा जयंती पर सभी विधानसभाओं में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे।











