उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी मजबूत कर दी है। एक बार फिर चुनावी तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने पार्टी कार्यालय सहादतगंज में बैठक की। इस बैठक में महामंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
पदाधिकारियों को दिए निर्देश
दिलीप पटेल ने पदाधिकारियों को आगामी चुनाव को लेकर अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने को कहा और माइक्रो लेवल पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ का गहन अध्ययन किया जाए। उन्होंने कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में बूथवार मिले मतों का विश्लेषण कर कमजोर बूथों को चिन्हित किया जाए। जिन बूथों पर पार्टी को अपेक्षाकृत कम मत प्राप्त हुए हैं, वहां विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाए।
नए परिवारों से निरंतर संपर्क स्थापित
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कमजोर बूथों पर प्रत्येक पदाधिकारी कम से कम दस नए परिवारों से निरंतर संपर्क स्थापित करें। इन परिवारों से संवाद करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों से उन्हें जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि पदाधिकारी नियमित रूप से जनता के बीच पहुंचकर संवाद करें।











