दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार की फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को मंजूरी, शेख सराय में 151 करोड़ की लागत से बनेगी प्रयोगशाला

दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक हुई।

दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली में आपराधिक मामलों की वैज्ञानिक जांच के लिए फोरेंसिक सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अत्याधुनिक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके लिए 151.81 करोड़ रुपये के बजट को भी स्वीकृति दी गई है।

दो साल के अंदर कार्य पूरा करने का लक्ष्य
सीएम रेखा गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग को परियोजना का निर्माण कार्य दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य दिया है। शेख सराय में बनने वाली नई क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला लगभग 6,300 वर्गमीटर के भूखंड पर बनाई जाएगी और इसका कुल निर्मित क्षेत्र 18,300 वर्गमीटर होगा। पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित यह भवन वैज्ञानिक जांच की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एकीकृत फोरेंसिक सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा।

फोरेंसिक जांच की मांग में काफी वृद्धि
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस नई क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला से गृह विभाग और दिल्ली पुलिस को नए आपराधिक कानूनों की जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के कारण आपराधिक मामलों में फोरेंसिक जांच की मांग में काफी वृद्धि हुई है। नई क्षेत्रीय एफएसएल इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने में सहायता करेगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़