होशियारपुर में ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत जनसभा में शामिल हुए सीएम धामी, कहा-“बढ़ता नशा पंजाब सरकार की विफलता और धोखे का सबूत”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'नशा-मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत होशियारपुर ग्रामीण के मुकेरियां में तीसरी जनसभा को संबोधित किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नशे के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई के पक्के इरादे के साथ, ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत होशियारपुर ग्रामीण के मुकेरियां (नांगला बिहाल) में तीसरी जनसभा को संबोधित किया। इस दुरान सीएम धामी ने कहा कि, “‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ भारतीय जनता पार्टी की एक निर्णायक पहल है, जिसका मकसद पंजाब को नशे की लत से मुक्त कराना है। सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता से नशे के खिलाफ बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनते ही वे अपने वादों से मुकर गए। आज पंजाब में नशे का बढ़ता कारोबार और युवा पीढ़ी का इसकी चपेट में आना, इस सरकार की विफलता और अपने वादों से किए गए धोखे का सबूत है।”

पंजाब सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “चुनाव से पहले, आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सम्मानित जनता से नशा रोकने और पंजाब को नशा-मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन आज वही पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। यह आम आदमी पार्टी की नाकाम नीतियों और गलत फैसलों का ही नतीजा है कि आज पंजाब नशे की इस दलदल में और भी गहरा धंसता जा रहा है।”

‘नशे के बढ़ते कारोबार को मौन समर्थन’
सीएम धामी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। नशे की तस्करी पर कार्रवाई के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार नशे के बढ़ते कारोबार को मौन समर्थन दे रही है।”

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़