उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित कैंप ऑफिस से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरियाणा की सेवा यात्रा पर जा रहे युवाओं से बातचीत की। सीएम धामी ने संवाद के बाद उनके दल को रवाना किया और सेवा यात्रा के लिए युवाओं को शुभकामनाएं भी दी।
विकास कार्यों और नई-नई पहलों की जानकारी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “ऐसे कार्यक्रमों के ज़रिए राज्य के युवाओं को देश भर के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, जीवन-शैली, स्थानीय विशेषताओं, विकास कार्यों और नई-नई पहलों को करीब से जानने और समझने का मौका मिलता है। साथ ही, यह उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और अनूठी पहचान को देश के अन्य राज्यों तक पहुँचाने का ज़रिया भी बनता है।”
विकास की संभावनाओं से लोग होंगे परिचित
वहीं मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील भी की। उन्होंने कहा कि “वे यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और वहाँ के बेहतर कामकाज के तरीकों को जानने के साथ-साथ, वहाँ के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक-परंपराओं, प्राकृतिक धरोहर और विकास की संभावनाओं से भी परिचित कराएँ।”











