उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे इसके लिए योगी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में महराजगंज जिले में तीन दिवसीय जन-जन तक सौर ऊर्जा, हर घर में उजाला सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा। ताकि ज्यादातर लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंच सके।
पांच से सात अक्टूबर तक शिविर आयोजित
बता दें कि पांच से सात अक्टूबर 2026 तक विकास भवन परिसर में यह शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में लोगों को योजना की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें रूफटॉप सोलर लगवाने के लिए पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
लोगों को योजना की मिलेगी जानकारी
इस अभियान के माध्यम से न सिर्फ लोगों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासनिक चैनलों, डिजिटल माध्यमों और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता के जरिए ज्यादा से ज्यादा परिवारों को योजना से जोड़ने का प्रयास होगा। शिविर में पहुंचकर लोग सौर ऊर्जा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे।











