उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाया जा रहा ‘विशेष सघन पुनरीक्षण’ अभियान, देश की लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, “भारत सदियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है।”
“भारत की सुरक्षा, एकता के लिए अनिवार्य”
सीएम योगी ने कहा कि, “SIR अभियान के तहत मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित लोगों और डुप्लिकेट प्रविष्टियों का व्यवस्थित सत्यापन करना अत्यंत जरूरी है। सभी जागरूक मतदाताओं को यह ध्यान रखना चाहिए कि नियमों के अनुसार मतदाता सूची से उन अयोग्य नामों की पहचान करना और उन्हें हटाना, जो गलत तरीके से शामिल किए गए हैं, भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है।”
मुख्यमंत्री की जनता से अपील
सीएम योगी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, “18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवा साथी मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। एक शुद्ध, सशक्त और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में भागीदार बनें।”











