दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-सेवा, सुशासन और राष्ट्र-सेवा के 25 शानदार साल पूरे होने के अवसर पर हार्दिक बधाई दी। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, “25 साल पहले, गुजरात की धरती से शुरू हुआ जन-सेवा का संकल्प आज पूरे भारत की उम्मीदों, आकांक्षाओं और आत्मविश्वास की यात्रा बन गया है।”
‘गरीबों के घरों तक पहुंची सम्मान और सुविधाएं’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस यात्रा में जिम्मेदारियां तो बढ़ती गईं, लेकिन लक्ष्य वही रहा- भारत और भारत के लोग। इसी भावना ने शासन को अंतिम छोर तक पहुँचाया, गरीबों के घरों तक सम्मान और सुविधाएँ पहुँचाईं, महिलाओं को नेतृत्व के लिए सशक्त बनाया और युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी। इसी संकल्प के साथ, भारत ने विकास की नई गति देखी है, चंद्रमा पर अपना तिरंगा फहराया है और वैश्विक मंच पर अपनी ताकत की नई पहचान बनाई है।”
‘विकसित भारत का सपना निश्चित साकार होगा’
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि, “गुजरात की सेवा से लेकर भारत की सेवा तक, जन-कल्याण से लेकर राष्ट्र-निर्माण तक, ये 25 साल एक ऐसे जीवन की गाथा हैं जहाँ हर सुबह कर्तव्य के साथ शुरू हुई और हर संकल्प भारत के लिए समर्पित रहा। सेवा का यह संकल्प और भी व्यापक होगा, भारत की शक्ति और भी तेजस्वी होगी और विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।”दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-सेवा, सुशासन और राष्ट्र-सेवा के 25 शानदार साल पूरे होने के अवसर पर हार्दिक बधाई दी।











