उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान सीएम धामी ने युवाओं, स्टार्टअप और सरकारी भर्तियों को लेकर अपनी सरकार के प्रयासों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए इनक्यूबेटर केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का सीएम धामी ने दावा किया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में नकल, भ्रष्टाचार या सिफारिश नहीं हुई।
विचारों को उद्यमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित
सीएम धामी ने कहा कि, “आज हमारे युवा अपने कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना के ज़रिए नए अवसरों की राह बना रहे हैं। हमारी स्टार्टअप नीति युवाओं को अपने विचारों को उद्यमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।” साथ ही सीएम धामी ने बताया कि, “चीड़ की पत्तियों जैसे वन संसाधनों का उपयोग करके, युवा न केवल स्वरोज़गार के नए रास्ते बना रहे हैं, बल्कि जंगलों में लगने वाली आग की समस्या को कम करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने में भी योगदान दे रहे हैं।”
कई जन-कल्याणकारी योजनाएं शुरू
इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “राज्य में मातृशक्ति को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए कई जन-कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इसके परिणामस्वरूप, आज राज्य की मातृशक्ति न केवल अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर सफलता की नई गाथाएं लिख रही है, बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।”












