भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले 954 कर्मचारियों को सीएम मोहन यादव ने नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
सीएम ने की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान सीएम ने बड़ी घोषणा भी की। मुख्यमंत्री यादव ने जनजातीय बहुल क्षेत्रों में 200 नए सांदीपनि विद्यालयों के भवनों के निर्माण को मंजूरी दिए जाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि इन भवनों का निर्माण जनजातीय कार्य विभाग के तहत किया जाएगा और इसके अलावा, स्कूल शिक्षा विभाग के तहत भी 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे।
‘ये नियुक्तियां आत्मविश्वास की नई नींव’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, “नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी लगन ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए राज्य के बच्चों का भविष्य संवारने में योगदान देना चाहिए। ये नियुक्तियां उनके जीवन में आशा, सुरक्षा और आत्मविश्वास की एक नई नींव बनेंगी।”











