रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स बिजनेस फोरम में शामिल होने दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दोस्ती का मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला। नई दिल्ली के भारत मंडपम में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय चर्चा हुई। इस चर्चा के खत्म करने के तुरंत बाद दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर इनोप्रॉम प्रदर्शनी देखने पहुंचे। बता दें कि यह प्रदर्शनी दोनों देशों के उद्योग और व्यापार मंत्रालयों की ओर से आयोजित की जाती है।
कई बार दिखा दोस्ती का मजबूत प्रदर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसी तरह की दोस्ती 31 अगस्त को किर्गिस्तान में भी दिखाई थी, जब बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बातचीत के बाद वे एक ही कार में विश्व नोमैड खेलों के उद्घाटन समारोह में गए थे। पिछले साल भी पीएम मोदी और पुतिन चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक स्थल तक एक ही कार में गए थे।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
इस दोस्ती के मजबूत प्रदर्शन को विश्लेषकों ने पीएम मोदी की ‘कार डिप्लोमेसी’करार दिया। जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया। नई दिल्ली में बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भी भेंट किया। जिसके बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया, जो महान तिरुवल्लुवर के शाश्वत ज्ञान को भाषाओं और सीमाओं के पार ले जाता है।”











