भारत-जापान की रणनीतिक साझेदारी मजबूत: तकाइची

जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन स्तर की बातचीत हुई। इस वार्ता में आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े कई समझौते हुए। दोनों पक्षों में द्विपक्षीय सहयोग के पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की।

जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन स्तर की बातचीत हुई। इस वार्ता में आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े कई समझौते हुए। दोनों पक्षों में द्विपक्षीय सहयोग के पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की। सफल वार्ता के बाद प्रधानमंत्री सनाए तकाइची कहती हैं कि भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन से भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी में नये अध्याय की शुरूआत हुई है और इसमें घोषित पहलें क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और स्थायी समृद्धि को बढ़ावा देंगी।
हैदराबाद हाउस में हुए शिखर सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त वार्ता के दौरान सनाए तकाइची ने भारत और जापान को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया। उन्होंने कहा कि बदलती भू-राजनीतिक स्थितियों के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में इन दोनों देशों की साझेदारी बहुत अहम है। साथ ही कहा कि दोनों देशों को स्वतंत्र, खुशहाल और नियमों पर आधारित हिन्द प्रशांत क्षेत्र की दिशा में काम करना चाहिए।
प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने कहा कि भारत और जापान दोनों दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं। एक स्वतंत्र, खुशहाल और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक हमारी साझा प्राथमिकता है। इस क्षेत्र की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक और बाज़ार-आधारित अर्थव्यवस्थाओं के तौर पर, हमने आज ऐसी अहम पहलें की हैं जो पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और तरक्की का रास्ता साफ करेंगी।
दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, आर्थिक सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, अहम तकनीकों, मज़बूत आपूर्ति श्रृंखला और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर विस्तार से वार्ता हुई। इन सफल वार्ताओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े तीन अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनाए तकाइची को अपनी छोटी बहन बताया। प्रधानमंत्री तकाइची ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे और करीबी रिश्ते को दिखाता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने के लिए एक महत्वाकांक्षी एजेंडा भी पेश किया।
हिन्द प्रशांत सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने जापान की ‘अपडेटेड ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ नीति का भी ज़िक्र किया और रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने की योजनाओं की पुष्टि की। इसमें संयुक्त नौसैनिक अभ्यास और साल के अंत तक जापान-भारत ‘टू प्लस टू’ बातचीत शामिल है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी में भारत की सदस्यता के लिए जापान के समर्थन की भी पुष्टि की।
भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन ने आर्थिक सहयोग से आगे बढ़कर रक्षा प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों में भी संबंधों को मज़बूत किया। इस मौके पर हस्ताक्षरित समझौतों में जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया और जापान के मेटल्स एंड एनर्जी सिक्योरिटी ऑर्गनाइज़ेशन के बीच सहयोग का एक समझौता शामिल था। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहनों और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के लिए ज़रूरी खनिजों की खोज को बढ़ावा देना मकसद है।
वहीं अन्य सहयोग समझौतों में फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, बैटरी, बायोगैस और जैविक खाद का उत्पादन शामिल था। ये कोशिशें भरोसेमंद और विविध सप्लाई चेन बनाने और साफ़-सुथरी ऊर्जा के स्रोतों की ओर तेज़ी से बढ़ने के साझा विज़न के अनुरूप हैं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़