पीएम मोदी का कल गुजरात और महाराष्ट्र दौरा, करीब 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 सितंबर यानि मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 सितंबर यानि मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। जहां प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी इस अवसर पर जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित
बता दें कि वडोदरा में प्रधानमंत्री मोदी पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के तीन महत्वपूर्ण खंडों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन खंडों की लंबाई लगभग 326 किलोमीटर है। वहीं इन तीनों खंडों को 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से विकसित किया गया है। इनमें सानंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी की सीधी कनेक्टिविटी से आयात-निर्यात कार्गो की आवाजाही तेज होगी। इसके साथ ही औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। मुंबई के रेलवे नेटवर्क पर भार कम करने में मदद मिलेगी।

मालगाड़ियों की सेवाओं को हरी झंडी
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के न्यू सानंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ियों की सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे वडोदरा और टांडा रोड के बीच एक नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई ट्रेन सेवा से वडोदरा, छोटा उदेपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ होगा। इसके अलावा पीएम मोदी छोटा उदेपुर-धार परियोजना के अंतर्गत विकसित की गई जोबत-टांडा रोड नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह नई रेल लाइन अलीराजपुर के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़