बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया। राज्य के सभी 38 जिलों में इस अभियान की शुरुआत की गई है। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य सरकार के इस अभियान का उद्देश्य समय पर बीमारी की पहचान और उसका इलाज करवाने के लिए लोगों को जागरूक करना है।
30 नवंबर तक चलेगा अभियान
बता दें कि राज्य सरकार का यह विशेष अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इस अभियान के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिलाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीएम ने अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने को कहा है। जिसके जरिए बीमारी के गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते उसकी पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है।
“6 करोड़ लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग”
राज्य सरकार के इस अभियान के तहत 30 साल से ज्यादा आयु के नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। जिसके तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर प्राथमिक जांच और परामर्श देंगे। जरूरत के अनुसार मरीजों को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ से लेकर जिला अस्पताल तक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि इस अभियान में मधुमेह, रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों तथा फैटी लिवर की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य राज्य के करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग कर उनका स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार करना है। इस रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि भविष्य में उपचार के दौरान इसका प्रभावी इस्तेमाल किया जा सके।












