उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के बुरनिगाड में ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत आयोजित जिला-स्तरीय शिविर में शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने 218 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही ‘गवर्नमेंट कॉलेज बुरनिगाड’ की भी शुरुआत की गई।
सीएम धामी ने की घोषणाएं
बता दें कि यह परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देने और स्थानीय नागरिकों का जीवन आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम घोषणाएं भी की। सीएम धामी ने कहा कि, बर्नीगाड में नए राजकीय डिग्री कॉलेज के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा राजा रघुनाथ देवदोकरी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, बर्नीगाड में थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण और बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय कॉलेजों का उच्चीकरण किए जाने की घोषणा की गई।
जन-कल्याण को सर्वोपरि रखा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “हमारी सरकार जन-कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए, लोगों तक पहुँचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सेवा सेतु’ जैसी पहलों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाएँ और सरकारी सेवाएँ आम जनता तक पहुँचाई जा रही हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँच सके।”












