उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में CM हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा की। इस दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जनता की शिकायतों को लंबित रखना या केवल औपचारिकता के लिए कार्रवाई करना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होगा। हर शिकायत का समाधान तय समय-सीमा के भीतर होना चाहिए और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेनी होगी।”
संबंधित अधिकारियों को निर्देश
सीएम धामी ने समीक्षा के दौरान, शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधी बातचीत की। इस दौरान सीएम धामी ने जिन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई थी, उन्हें गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फीडबैक लेने के लिए फोन पर बातचीत
सीएम धामी ने जिन शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो चुका था, उनसे भी फीडबैक लेने के लिए फोन पर बातचीत की। इस दौरान शिकायतकर्ताओं ने CM हेल्पलाइन-1905 के माध्यम से मिली त्वरित सहायता के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।












