उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय में मुख्य द्वार और डेंटल अस्पताल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, प्रशासनिक भवन सहित कई अन्य विकास कार्यों का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। बता दें कि इन पहलों से विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल और बेहतर होगा, जिससे छात्रों और शिक्षकों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि, “प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास और स्वास्थ्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले पाँच वर्षों में प्रदेश में तीन नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोले गए हैं वहीं, किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी गतिमान है।”
युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “राज्य के युवाओं को अपनी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और योग्यता के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। पिछले पाँच वर्षों में, 35,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी गई हैं, जो एक पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उत्तराखंड में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान नकल माफिया पनपा और राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। हमने इस व्यवस्था को बदला और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नकल-रोधी कड़े कानून लागू किए।”












