दिल्ली के भारतीय जनता युवा मोर्चा ने ‘जन्मभूमि से कर्मभूमि तक’ यात्रा के लिए 50 से ज़्यादा युवा साथियों को रवाना किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। सीएम रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, “वडनगर की तपस्या से लेकर काशी के आशीर्वाद तक, यह पहल युवा पीढ़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल्यों, संकल्प और राष्ट्र सेवा की प्रेरक जीवन-गाथा को करीब से समझने का अवसर देगी।”
युवाओं के लिए प्रेरणा के जीवंत केंद्र
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “वडनगर की वह मिट्टी, जहाँ सेवा, अनुशासन और तपस्या के मूल्यों ने एक साधारण बालक में असाधारण संकल्प जगाया, और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि बनी—ये दोनों ही युवाओं के लिए प्रेरणा के जीवंत केंद्र हैं।” इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और बीजेपी युवा मोर्चा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजत चौधरी भी मौजूद रहे।












