दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को 15 से 17 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘इंडिया माइनिंग वीक 2026’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। बता दें कि यह आयोजन माइनिंग सेक्टर में इनोवेशन,आधुनिक टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को रफ्तार देगा। इसके साथ ही ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को और मजबूत करेगा।
प्रमुख माइनिंग आयोजनों में से एक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि इस बैठक के दौरान माइनिंग सेक्टर से जुड़े विभिन्न मुद्दों और देश में खनन क्षेत्र को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने को लेकर चर्चा हुई। ‘इंडिया माइनिंग वीक 2026’ को देश के प्रमुख माइनिंग आयोजनों में से एक बताया जा रहा है। इसमें खनन क्षेत्र में इनोवेशन, निवेश, आधुनिक तकनीक और सतत विकास पर विशेष जोर रहेगा।
आयोजन के निमंत्रण के लिए जताया आभार
इसके साथ ही सीएम रेखा गुप्ता ने आयोजन के निमंत्रण के लिए केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचार को बढ़ावा देने से देश की औद्योगिक क्षमता को मजबूती मिलेगी । इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी गति मिलेगी।











