दिल्ली सरकार ने मैजैंटा लाइन का विस्तार करने के लिए पहल की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 12.377 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह कॉरिडोर बनने के बाद मैजैंटा लाइन की लंबाई कुल 89 किलोमीटर हो जाएगी। जिससे दिल्ली में सबसे ज्यादा लंबी मेट्रो लाइन होगी। इस अवसर पर सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जो इस महत्वपूर्ण परियोजना का पहला निर्माण चरण है।
मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली मेट्रो सिर्फ एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली की आधारशिला है। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इसके विस्तार से नागरिकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक परिवहन कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
सात प्रमुख लाइनों से जुड़ेगी मैजेंटा लाइन
इस कॉरिडोर पर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से यह मैजेंटा लाइन जुड़ेगी। ऐसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार स्वच्छ पर्यावरण के लिए भी एक महत्वपूर्ण पहल है। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार का लक्ष्य राजधानी को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली उपलब्ध कराना है।











