दिल्ली में बारिश के कहर ने अन्न दाताओं की मेहनत को पानी-पानी कर दिया। किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है जिसकी भरपाई के लिए अब दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने अगस्त और सितंबर 2025 के दौरान भारी बारिश और जलभराव के कारण पूरी तरह से नष्ट हुई फसलों वाले किसानों के लिए 33.31 करोड़ रुपए से ज्यादा की राहत राशि मंजूर की है।
प्रभावित किसानों को राहत राशि
बता दें की सरकार के इस फैसले के तहत प्रभावित किसानों को 75 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि मिलेगी। दिल्ली के विभिन्न जिलों और उपमंडलों में प्रभावित कृषि भूमि के किसानों को राहत राशि का सीधा लाभ मिलेगा। यह राशि अगले महीने से डीबीटी के माध्यम से पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजस्व विभाग और संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया है कि राहत राशि का वितरण शुरू कर दिया जाए। इसमें किसी तरह की कोई देरी नहीं होनी चाहिए ताकि पात्र किसानों के बैंक खातों में जल्द से जल्द राहत राशि पहुंच सके।
फसल क्षति का आकलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सुख-दुख दोनों ही समय में अपने किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। यह सहायता किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान से उबरने में मदद करने का एक प्रयास है। उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में 100 प्रतिशत फसल क्षति का आकलन किया गया है और सहायता राशि पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे पात्र किसानों को हस्तांतरित की जाएगी।
स्पष्ट पात्रता शर्तें निर्धारित
वहीं इसके लिए दिल्ली सरकार ने स्पष्ट पात्रता शर्तें निर्धारित की हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इससे पता लगाया जा सकेगा की कि सहायता सिर्फ वास्तविक और पात्र किसानों तक ही पहुंचे। यह लाभ सिर्फ उन किसानों को मिलेगा जो भूमि के पंजीकृत या दर्ज स्वामी हैं और जिनकी फसलें अगस्त और सितंबर 2025 के दौरान भारी बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थीं।












