‘मेगा वृक्षारोपण अभियान’ बदलेगा दिल्ली की तस्वीर, 70 लाख पेड़ों का लक्ष्य

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेगा वृक्षारोपण अभियान की घोषणा की है। इस अभियान के तहत 70 लाख पेड़ लगाए जाएंगे।

दिल्ली सरकार राजधानी को साफ-स्वच्छ बनाने का अपना सपना साकार करने जा रही है। इस लक्ष्य के तहत सरकार मेगा वृक्षारोपण अभियान शुरू करने जा रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेगा वृक्षारोपण अभियान की घोषणा की है। इस अभियान के तहत 70 लाख पेड़ लगाए जाएंगे। साथ ही इस अभियान के तहत ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’लॉन्च किया जाएगा। 7 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस पोर्टल को लॉन्च करेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि, “दिल्ली को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के संकल्प के तहत 70 लाख पेड़ लगाने का जो वादा किया गया था, अब उसे पूरा करने का समय आ गया है”। उन्होंने कहा की “इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप देते हुए “ग्रीन ड्राइव पोर्टल” को लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से अब आम नागरिक भी सीधे इस महाअभियान से जुड़ सकते हैं। इस पोर्टल पर लोग अपने लिए पौधारोपण स्लॉट बुक कर सकते हैं, मुफ्त पौधे प्राप्त कर सकते हैं, सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यक्रमों के लिए “वृक्ष रथ” को आमंत्रित कर सकते हैं और “दिल्ली ग्रीन वॉरियर” के रूप में अपना पंजीकरण भी करा सकते हैं”।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस पहल से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि, “यह पहल केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक साझा जिम्मेदारी का प्रतीक है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। 7 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह इस विशाल वृक्षारोपण अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे”।

दिल्ली सरकार के इस अभियान का उद्देश्य केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि दिल्ली के पर्यावरण को बेहतर बनाना है। दिल्ली के प्रदूषण को कम करके आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ जीवन वातावरण तैयार करना है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है दिल्ली सरकार का ये अभियान राजधानी को एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाने में योगदान देगा।  यह अभियान दिल्ली को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी नई दिशा देगा।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़