दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी में सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में पहले चरण में 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के माध्यम से इनका निर्माण किया जाएगा। इसके पहले चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद शेष 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक दूसरे चरण में बनाए जाएंगे। इस योजना के लिए सरकार की व्यय वित्त समिति ने 266.26 करोड़ रुपये मंजूर किये है।
आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का विकास
बता दें कि इस परियोजना में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की रहेगी। राजधानी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और पर्यटक आवागमन वाले क्षेत्रों में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जिससे दिल्ली को पर्यटकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक और आकर्षक बनाने में मदद करेगा। इन सार्वजनिक शौचालय ब्लॉकों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ दिव्यांगजनों सहित सभी लोगों के सुगम उपयोग के लिए रैंप की व्यवस्था होगी।
आधुनिक सुविधाएं भी होंगी
इसके अलावा प्रत्येक शौचालय ब्लॉक में केयरटेकर रूम और चौकीदार के लिए भी स्थान होगा। नागरिकों और पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक दुकान का प्रावधान किया गया है। जहां स्नैक्स, पेय पदार्थ और दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएं उपलब्ध होंगी। वहीं महिलाओं की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के उचित निपटान के लिए सैनिटरी पैड इनसिनरेटर मशीन की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही इन प्रस्तावित शौचालय ब्लॉकों में सोलर पैनल, सीसीटीवी और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी।












