दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “विकसित भारत के संकल्प के साथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा विकसित दिल्ली को भी समान प्राथमिकता दी है। दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-मुंबई और द्वारका एक्सप्रेसवे, UER-II, ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल, मेट्रो विस्तार और धौला कुआं को सिग्नल-फ्री बनाने जैसी परियोजनाओं ने दिल्ली की कनेक्टिविटी और आवागमन को नई गति दी है। यशोभूमि और भारत मंडपम जैसे विश्व-स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर ने दिल्ली को वैश्विक आयोजनों के लिए एक सशक्त केंद्र में बदल दिया है।
विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “विकास का यह सफर बिना रुके जारी है और दिल्ली नए जोश के साथ आगे बढ़ रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान, यमुना की सफाई और कायाकल्प से जुड़ी लगभग 8,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।”
दिल्ली में 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “दिल्ली में 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य भी तय किया गया है। इस अभियान के दौरान इस मिशन को नई गति दी जाएगी और विभिन्न संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से हर वार्ड में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। पूरी दिल्ली ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल होगी। 17 सितंबर की शाम को, दिल्ली सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और सभी भाजपा कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देने और उनके स्वस्थ, दीर्घायु व यशस्वी जीवन की कामना करने के लिए अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दीप जलाएंगे।”












