भारतीय जनसंघ के 75वें स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिरकत की। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। नितिन नबीन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “75 साल पहले, 21 अक्टूबर 1951 को जब जनसंघ की स्थापना हुई थी, तब हमारे पास न तो रसीदें छपवाने के लिए पैसे थे, न ही दफ्तर के लिए कोई जगह थी, और न ही आने-जाने का कोई साधन था। उस समय बस एक ही सोच थी, अपने विचारों को हर व्यक्ति तक पहुँचाना।”
तीसरी बार सरकार बनाने में सफल
नितिन नबीन ने कहा कि, “हमने तीन अंकों की संख्या से शुरुआत की थी और आज हम लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रहे हैं, लेकिन आज भी हमें उसी तरह के समर्पण, संघर्ष और संकल्प की आवश्यकता है। क्योंकि अगर हमें भविष्य का स्वर्णिम भारत बनाना है, तो हमारे समय में भी हमें उसी संघर्ष के साथ आगे बढ़ना होगा।”
विकसित भारत के संकल्प को गति
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की राष्ट्रभक्ति, पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘एकात्म मानववाद’ के दर्शन,अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और अनगिनत कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या व समर्पण के बल पर, जनसंघ से भाजपा तक का सफर राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण की एक गौरवगाथा बन गया है। लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष की यह विरासत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को नई शक्ति प्रदान कर रही है।












