राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज 157वीं जयंती है। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता राजघाट पहुंची। जहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और सम्मानपूर्वक नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां आयोजित ‘सर्व-धर्म प्रार्थना’ सभा में भी हिस्सा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विजय घाट भी गईं, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘मानवता और शांति का मार्ग किया रोशन’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “महात्मा गांधी का जीवन-सफ़र देश और समाज के प्रति समर्पण का एक महान प्रयास था। सत्य और अहिंसा पर उनके विचारों ने दुनिया के लिए मानवता और शांति का मार्ग रोशन किया। स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्वराज पर उनके विचार आज भी भारत की चेतना में जीवंत हैं और एक आत्मनिर्भर, सक्षम तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण की हमारी यात्रा को प्रेरित करते हैं।”
‘राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा उनका संकल्प’
सीएम रेखा गुप्ता ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि, “भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर, मैं उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। सादगी उनका स्वभाव था और राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा उनका संकल्प। ‘जय जवान, जय किसान’ के मंत्र के माध्यम से उन्होंने सीमाओं पर डटे सैनिकों और खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों की कड़ी मेहनत और शक्ति को देश के गौरव के रूप में प्रतिष्ठित किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारत की सेवा करने के लिए पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”











