खटीमा में तीन दिवसीय ‘आदि रंगोत्सव’ के सफल और भव्य समापन हुआ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफल आयोजन के लिए देश के 15 से ज्यादा राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों, शिल्पकारों और प्रतिभागियों का हार्दिक धन्यवाद किया। बता दें कि तीन दिवसीय इस ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे थे।
लोक कलाओं और परंपराओं का अद्भुत संगम
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, “आप सभी की भागीदारी से उत्तराखंड की धरती पर एक ही मंच पर देश की विविध जनजातीय संस्कृतियों, लोक कलाओं और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘आदि रंगोत्सव’ ने हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत को करीब से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया, साथ ही कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए एक व्यापक मंच भी दिया।”
संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मानित नेतृत्व में, जनजातीय समाज के उत्थान, सशक्तिकरण और उनकी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘आदि रंगोत्सव’ भी इसी संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।”












