मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) के विस्तारित एडवांस्ड टेक्नोलॉजी रिसर्च एंड इनोवेशन कैंपस की आधारशिला रखी। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने यहां स्वामी विवेकानंद की नई बनी प्रतिमा का अनावरण भी किया।
52 एकड़ में बन रहा नया कैंपस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “लगभग 485 करोड़ की लागत से 52 एकड़ में बन रहा यह नया कैंपस एडवांस्ड रिसर्च, इनोवेशन, शिक्षा और कौशल विकासको नई गति देगा। साथ ही, यह विकसित भारत के लिए ज्ञान, रिसर्च और इनोवेशन की नई पीढ़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा। देश के 7 IISER हमारे लिए सप्तऋषियों की तरह हैं। IISER भोपाल पिछले 18 वर्षों से रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। अब तक यहां 5,000 से ज्यादा रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं वहीं 90 से ज्यादा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट रजिस्टर किए जा चुके हैं।”
रिसर्च, विज्ञान और इनोवेशन से जुड़ रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “स्वामी विवेकानंद का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। वे स्वयं विज्ञान के विद्यार्थी थे और उनके जीवन में ज्ञान व जिज्ञासा का विशेष स्थान था। आज IISER जैसे संस्थान देश के भविष्य को नई दिशा देने के लिए इस जिज्ञासा को रिसर्च, विज्ञान और इनोवेशन से जोड़ रहे हैं।”











