‘सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान’ पहल के तहत पांडुरना ज़िले के संदीपनी स्कूल में ‘हमारे बुज़ुर्ग, हमारा गौरव—हमारे बच्चे, हमारा गौरव’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिरकत की। इस दौरान सीएम ने बुज़ुर्गों से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना।
स्टॉल और प्रदर्शनियों का दौरा
इस दौरान सीएम मोहन यादव ने बुज़ुर्गों से उनके अनुभव जानने का प्रयास किया। सीएम का कहना है कि बुज़ुर्ग न सिर्फ हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं बल्कि उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनियों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए।
सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर
इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य की मोहन यादव सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ देने का भी संदेश दिया गया। राज्य सरकार की इस पहल ने समाज के सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।











