मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में स्थानीय विधायकों और जन प्रतिनिधियों के साथ ‘सिंहस्थ-2028’ की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के अंदर पूरा करना सुनिश्चित करें।
सीएम के अधिकारियों को निर्देश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वैकल्पिक बाजारों के व्यवस्थित विकास के लिए एक कार्ययोजना तैयार करें। इसमें सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा जाए, और साथ ही मिट्टी के बर्तन बेचने वालों तथा सोने-चांदी के व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाए। सीएम ने कहा कि सिंहस्थ से जुड़ी लंबित मंजूरियां नवंबर महीने में प्राप्त कर ली जानी चाहिए। इसके अलावा, सिंहस्थ मेला कार्यालय, कलेक्ट्रेट और सिंहस्थ सेल में आवश्यक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती इसी सप्ताह सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जरूरी सुविधाएं विकसित करने की योजना
साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और संदीपनी विद्यालयों में जरूरी सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, घटिया, तराना और आसपास के क्षेत्रों में ‘टेंट सिटी’ और ‘होल्डिंग एरिया’ विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया। किसानों और सामाजिक संस्थाओं को भी ‘टेंट सिटी’ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के लिए रहने की पर्याप्त व्यवस्था की जा सके।












