भोपाल के लाल परेड मैदान में 6 अक्टूबर को सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से ज्यादा युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। युवा शक्ति को रोजगार, कौशल, स्टार्टअप और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए यह आयोजन अहम माना जा रहा है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने युवाओं को कॅरियर और रोजगार के नए विकल्पों के साथ ही नवाचार और उभरती तकनीकों की संभावनाओं से भी रूबरू कराया जाएगा।
अंतिम चरण में आयोजन की तैयारियां
बता दें कि उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में यह आयोजन होगा। इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिसे लेकर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश किए। युवाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
नई तकनीकों पर विशेष सत्र और गतिविधियां
सम्मेलन में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान और नई तकनीकों पर विशेष सत्र और गतिविधियां होंगी। विशेषज्ञों के साथ शैक्षणिक संस्थान, उद्योग और स्टार्टअप भी इसमें शामिल होंगे। इस दौरान युवाओं को बदलते जॉब मार्केट, नए कौशल की जरूरत, स्वरोजगार की संभावनाओं और अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।











