मुंबई में ‘इंडिया केम 2026’ के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शिरकत की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच से विचार साझा किए गए। वहीं कार्यक्रम में मौजूद उद्योगपतियों और निवेशकों को 2027 में भोपाल में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के लिए भी आमंत्रित किया गया।
राज्य को मिले करोड़ों के निवेश
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “मध्य प्रदेश में पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, विभिन्न प्रकार के रसायनों और फार्मास्युटिकल विनिर्माण के क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। पिछले ढाई वर्षों में, राज्य को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों पर ज़मीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। हमारी सरकार निवेशकों को एक सरल और पारदर्शी व्यवस्था देने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुविधाएं, सहयोग और सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में दिग्गज शामिल
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, फिक्की (FICCI) के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।












